क्या प्रेगनेंसी में पेट में दर्द होना नॉर्मल है?HealthPlanet

Posted on Fri 11th Nov 2022 : 09:34

हां। गर्भावस्था में पेट के निचले हिस्से में दर्द होना काफी आम और सामान्य बात है। ऐसा संभवतया गर्भ में शिशु के बढ़ने पर अस्थिबंधों (लिगामेंट्स) पर दबाव पड़ने की वजह से होता है। अस्थिबंध वे सख्त ऊतक होते हैं जो आपकी हड्डियों और ऊत्तकों को जोड़ते हैं।


क्या गर्भावस्था के दौरान पेट के निचले हिस्से में दर्द होना सामान्य है?

हां। गर्भावस्था में पेट के निचले हिस्से में दर्द होना काफी आम और सामान्य बात है। ऐसा संभवतया गर्भ में शिशु के बढ़ने पर अस्थिबंधों (लिगामेंट्स) पर दबाव पड़ने की वजह से होता है।

अस्थिबंध वे सख्त ऊतक होते हैं जो आपकी हड्डियों और ऊत्तकों को जोड़ते हैं।

कुछ अस्थिबंध आपके अंगों को सहारा देते हैं, ताकि वे अपनी जगह पर बने रहें। गोलाकार अस्थिबंध (राउंड लिगामेंट) आपके गर्भ को अपनी जगह पर बनाए रखता है। आपके दो राउंड लिगामेंट होते हैं। ये आपके गर्भ के ऊपरी सिरे से श्रोणि के भीतर से होते हुए नीचे आपके पेट के सामने तक फैले होते हैं।

गर्भावस्था की शुरुआत में गोल अस्थिबंध छोटे और मोटे होते हैं। गर्भावस्था के हॉर्मोन गर्भस्थ शिशु के बढ़ने के साथ आपके अस्थिबंधों को और लचीला बनाते हैं। जब आपके गोल अस्थिबंधों पर दबाव पड़ता है, तो इनमें इलास्टिक बैंड की तरफ खिंचाव और कसाव आ सकता है।

यदि आप अचानक से अपनी अवस्था बदलें तो इसकी वजह से इन अस्थिबंधों में तेजी से कसाव आ सकता है। इससे आपको चोट लगने की अनुभूति या फिर तेज और चुभन वाला दर्द हो सकता है। कई बार ये दर्द भरे मरोड़ जैसे महसूस हो सकते हैं, मगर ये संकुचनों के मरोड़ से अलग होते हैं।


गर्भावस्था में पेट के निचले हिस्से में होने वाला दर्द पेट दर्द से किस तरह अलग है?

राउंड लिगामेंट दर्द
गोल अस्थिबंधों में दबाव और खिंचाव होने से आपको होने वाली पीड़ा सामान्य है। यह गर्भावस्था की एक आम शिकायत है और नुकसानदेह नहीं है। राउंड लिगामेंट दर्द का तीक्ष्ण और प्रहार लगने जैसा अहसास सिर्फ उतनी ही कुछ सैकंड तक होना चाहिए जितना कि आपको अपनी अवस्था बदलने या खड़े होने में लगती हैं।

पेट में दर्द
इसकी वजह गैस या कब्ज भी हो सकती है। कुछ महिलाओं को गंभीर मिचली और अत्याधिक उल्टी होने की वजह से भी पेट दर्द होता है।

हालांकि, पेट दर्द किसी गंभीर समस्या का कारण भी हो सकता है। आपकी गर्भावस्था के चरण के आधार पर यह निम्न समस्याओं का संकेत हो सकता है:

पहली तिमाही में

शुरुआत में गर्भपात
अस्थानिक गर्भावस्था (एक्टोपिक प्रेगनेंसी)
ओवेरियन हाइपरस्टिमुलेशन सिंड्रोम (ओएचएसएस)


दूसरी तिमाही में

गर्भावस्था के बाद के चरण में गर्भपात (लेट मिस्कैरिज)
अपरा का खंडन (प्लेसेंटल अबरप्शन)


तीसरी तिमाही में

प्री-एक्लेमप्सिया
समय से पहले प्रसव


पेट के निचले हिस्से में दर्द कई बार मूत्रमार्ग संक्रमण का भी संकेत हो सकता है। आपको बुखार और तबियत खराब हो सकती है या फिर पेशाब करते समय दर्द हो सकता है। यदि आप इन लक्षणों को लेकर निश्चित नहीं हों, तो डॉक्टर से बात करें। वे इनफेक्शन का पता लगाने के लिए आपके पेशाब की जांच करवा सकती हैं।

यदि आपको पुरोनितंबास्थि में या इसके आसपास सामने की तरफ दर्द होता है, तो हो सकता है आपको सिम्फिसिस प्यूबिस डिसफंक्शन (एसपीडी) हो। यह वह स्थिति है जो श्रोणि में कुछ अस्थिबंधो को प्रभावित करती है। अगर आपको एसपीडी से जुड़ी समस्या लगती है, तो अपनी डॉक्टर से बात करें, वे आपको फिजियोथेरेपिस्ट के पास जाने की सलाह दे सकती हैं।

पेट दर्द के कुछ अन्य असामान्य कारण भी हो सकते हैं, जो शायद गर्भावस्था से जुड़े न हों जैसे कि अपेंडिसाइटिस।

पेट के निचले हिस्से में दर्द से राहत के लिए मैं क्या कर सकती हूं?
राउंड लिगामेंट दर्द शरीर में हो रहे सामान्य बदलाव का हिस्सा है, इसलिए गर्भावस्था के दौरान इसे रोकने या ठीक करने के लिए शायद ज्यादा कुछ नहीं किया जा सकता। आप निम्न उपाय आजमा सकती हैं:

बैठी या लेटी हुई अवस्था से धीरे और आराम से हिलना। धीरे-धीरे उठने पर आपकी मांसपेशियों और अस्थिबंधों को अवस्था बदलने के लिए तैयार होने और आपको सहारा देने का समय मिल जाता है।
अपनी मुद्रा पर ध्यान देना और अपनी पीठ सीधी रखना और कंधे पीछे की तरफ रखना।
ऐसी गतिविधियां न करें जिससे अस्थिबंधों का दर्द और बढ़ जाए, जैसे कि ज्यादा दूर रखी चीज को उठाने के प्रयास में खिंचाव करना आदि।
हल्के गर्म (तेज गर्म नहीं) पानी की बोतल या हीटिंग पैड से दर्द वाले क्षेत्र में सिकाई करें।
जिस तरफ दर्द हो रहा हो, उसकी विपरीत तरफ होकर लेटना।
हल्के गर्म पानी के टब में रिलैक्स करना।
दर्द वाली जगह पर उंगलियों के पोरों से हल्के-हल्के मालिश करना।
डॉक्टर द्वारा बताई गई मेटरनिटी बेल्ट या सपोर्ट गारमेंट पहनना।


आपकी डॉक्टर या उनके द्वारा बताए गए फिजियोथेरेपिस्ट कुछ अन्य सलाह भी दे सकते हैं। उदाहरण के तौर पर कुछ महिलाओं को खड़े होकर अपनी श्रोणि को आगे-पीछे की ओर झुकाने या अंदर की तरफ सिकोड़ने से दर्द से आराम मिलता है।

ज्यादा कामकाज करने से आपको राउंड लिगामेंट दर्द महसूस होता है तो अपनी क्रियाशीलता थोड़ी कम करके देखें कि इससे आराम मिलता है या नहीं। जब आप बेहतर महसूस करें तो धीरे-धीरे अपनी गतिविधियां बढ़ा सकती हैं और सही सामंजस्य बिठा सकती हैं।

solved 5
wordpress 3 years ago 5 Answer
--------------------------- ---------------------------
+22

Author -> Poster Name

Short info